शनिवार, 24 जून 2017

इंग्लैंड व अमेरिका के लोगों की पसंद बनी अटेरना की बेबी कॉर्न

खेती में अटेरना के कंवल सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
नरेंद्र कुंडू 
सोनीपत। हरियाणा के प्रतिष्ठित किसानाें की सूची में शामिल 55 वर्षीय अटेरना निवासी कंवल सिंह चौहान ने खेती के बूते अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अपनी मेहनत के बल पर कंवल सिंह दर्जनभर से भी ज्यादा पुरस्कार हासिल कर चुका है। इतना ही नहीं गांव में ही स्थित कंवल सिंह की फूड प्रोसेसिंग कंपनी से हर रोज लगभग डेढ़ टन बेबी कॉर्न व अन्य उत्पाद इंग्लैंड व अमेरिका में सप्लाई हो रहे हैं। पर्यावरण नियंत्रण की राष्ट्रीय समिति के सदस्य कंवल सिंह चौहान ने बताया कि 1978 में पिता के देहांत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। उस समय उनकी उम्र महज 15 वर्ष थी और वह दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। 
इसके बाद उन्होंने खेती के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखी। 1996 में उन्होंने राइस मिल लगाया लेकिन वहां सफलता नहीं मिली। वह पूरी तरह से कर्ज में डूब चुके थे। इसके बाद उन्हाेंने अपनी परंपरागत खेती छोड़ कर 1998 में मशरूम व बेबी कॉर्न की खेती शुरू की। मशरूम व बेबी कॉर्न से अच्छी आमदनी हुई। इसके बाद उन्होंने  कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। खेती के साथ-साथ मधु मक्खी पालन भी शुरू कर दिया। कंवल सिंह ने स्वयं के साथ-साथ दूसरे किसानाें को भी बेबी कॉर्न की खेती के लिए प्रेरित करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते गांव के दूसरे किसानों ने भी बेबी कॉर्न की खेती शुरू कर दी। किसानाें को बेबी कॉर्न को बेचने के लिए किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो इसके लिए कंवल सिंह ने गांव में ही फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू कर दी। जिसका उद्घाटन नार्वे के कृषि एवं खाद्य मंत्री लार्स पेडर ब्रेक ने वर्ष 2009 में किया। लगभग दो एकड़ में स्थित इस यूनिट में बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, पाइनएपल, फ्रूट कॉकटेल, मशरूम बटन, मशरूम स्लाइस सहित लगभग आठ प्रकार के उत्पाद तैयार किए जाते हैं।  इस यूनिट से प्रति दिन लगभग डेढ़ टन बेबी कॉर्न व अन्य उत्पाद इंग्लैंड व अमेरिका में निर्यात होता है। इस कार्य में उनके बड़े बेटे जैनेन्द्र जो कि फूड प्रोसेसिंग मे बीटेक हैं उनका पूरा साथ दे रहे हैं। इस समय इनके साथ 10 गांव के 136 किसान सदस्य के रूप में जुड़े हुए हैं जिनको यह न्यूनतम समर्थन मूल्य देकर उपज खरीदने का वादा करते हैं। कंवल सिंह का कहना है कि रासायन ऽाद आधारित खेती व कीटनाशकों की अधिकता खेती की लागत बढ़ा रही है। इसकी जगह यदि हम पशु आधारित तथा स्वयं द्वारा तैयार खाद का प्रयोग करें तो खेती किसानाें के लिए घाटे का सौदा नहीं रहेगी। 

व्यवसायिक खेती ने बदली किसानों की तकदीर

बेबी कॉर्न व स्वीट कॉर्न की खेती से अटेरना और मनोली के किसानों से विदेशों में भी बनाई पहचान 
नरेंद्र कुंडू 
सोनीपत।

आज खेती किसानों के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है। खेती में लागत अधिक होने तथा पैदावार कम होने के कारण किसान खेती से मुंह मोड़ने लगे हैं। लेकिन हरियाणा प्रदेश के सोनीपत जिले के दो गांव ऐसे हैं, जहां के किसानाें ने हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे एशिया के नक्शे पर अपनी सफलता की छाप छोड़ी है। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-1 पर स्थित बहालगढ़ से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित अटेरना तथा पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित मनोली के किसानाें ने खेती को व्यवसाय के तौर पर अपना लिया है। इन गांवाें के किसानों ने अपनी परंपरागत खेती को छोड़कर बेबी कॉर्न व स्वीट कॉर्न की खेती को अपनी आमदनी का जरिया बनाया है। इतना ही नहीं बेबी कॉर्न व स्वीट कॉर्न के उत्पादन में इन दोनों गांवों के किसानों ने इतनी प्रसिद्धी हासिल की है कि विदेशों से भी किसान यहां खेती का प्रशिक्षण लेने के लिए आते हैं। मनोली गांव निवासी दिनेश ने बताया कि बीएससी की  पढ़ाई के बाद से उसने नौकरी की बजाए खेती को व्यवसाय के तौर पर अपनाया। दिनेश ने बताया कि पहले उनके गांव मनोली में ज्यादातर क्षेत्र में धान की खेती होती थी। भारी मात्र में भूजल का दोहन होता था। इससे गांव का भूजल स्तर काफी नीचे चला गया था। इसको देखते हुए उसने खेती में कुछ अलग करने की ठानी। 1998 में स्ट्राबेरी की खेती शुरू की। इसके बाद उसने अपने दोस्त अरूण के साथ मिलकर स्वीट कॉर्न की खेती शुरू की। शुरूआत में मार्केटिंग को लेकर थोड़ी दिक्कत हुई लेकिन बाद में फूड प्रोसेसिंग कंपनियों के साथ सीधे सम्पर्क होने से उनकी मार्केट की समस्या भी खत्म हो गई। देखते ही देखते स्वीट कॉर्न की खेती उनके लिए फायदे का सौदा साबित होने लगी। इसके बाद उन्होंने दूसरे किसानाें को भी इसके लिए प्रेरित किया। उन्हाेंने बताया कि 4500 की आबादी वाले इस गांव के अधिकतर किसान स्वीट कॉर्न की खेती कर रहे हैं। इससे फसलाें में कीटनाशकाें का प्रयोग बिल्कुल बंद हो गया। पानी की लागत कम होने से भूजल का दोहन बंद हो गया। जमीन का स्वास्थ्य स्तर सुधरने लगा। वातावरण स्वच्छ होने लगा। गांव में ही लोगाें को रोजगार मिलने से गांव से लोगाें का पलायन बंद हो गया। पशुआें को पूरे साल हरा चारा मिलता है, इससे पशुओं के दूध उत्पादन क्षमता में भी बढ़ोतरी हुई है।

अब बागवानी के लिए भी करेंगे किसानों को प्रेरित 
किसान अरुण, दिनेश, जयद्रथ, प्रवीण व पवन ने बताया कि उन्होंने किसानों का एक ग्रुप बनाया हुआ है। इस ग्रुप में शामिल सभी किसानों द्वारा अपने खेतों में पॉली हाऊस भी लगाए हुए हैं। पॉली हाऊस में उगने वाली सब्जियों में रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग करने की बजाए बॉयोगैस से निर्मित देशी खाद का प्रयोग करते हैं। इस खाद को घोल कर ड्रिप के जरिये पानी के साथ सब्जियों पर इसका छिड़काव किया जाता है। इसके अलावा कुछ किसानों द्वारा बाग भी लगाए हुए हैं। सब्जियों व स्वीट कॉर्न की खेती के साथ-साथ अब वह किसानाें को बागवानी के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं।
फसल चक्र बदलने से इन गांवों को यह हुआ फायदा
 फसल चक्र में बदलाव से जमीन का स्वास्थ्य स्तर सुधरा है। धान की रोपाई बंद होने से पानी की बचत हुई है। पशुओं के लिए हर माह हरा चारा प्रचुर मात्र में उपलब्ध रहता है। कीटनाशकों का प्रयोग बंद हो गया है। वातावरण में सुधार हुआ है। गांव में ही लोगों को रोजगार मिलने से गांव के लोगों का पलायन रूका है। कैश की फसल का चलन बढ़ने से गांव का आर्थिक स्तर सुधरा है। फूड प्रोसेसिंग कंपनियाें द्वारा सब्जियों के उत्पादन के लिए सीधे किसानों से संपर्क किए जाने से किसानाें को उत्पाद बेचने के लिए एक नई मार्केट उपलब्ध हो गई। बाजार भाव कम रहने के दिनों में प्रोसेसिंग प्लांट में फसल बेचने से आर्थिक नुक्सान नहीं होता।
किसान की फूड, फीड, फोडर, फ्रयूल, फाइनेंस की चिंता खत्म
सेवानिवृत्त कृषि वैज्ञानिक डॉ- साईं दास ने कहा कि अटेरना व मनोली के किसानों ने आस-पास के क्षेत्रें में भी रोजगार की असीमित संभावनाएं पैदा कर यह दिखा दिया है कि स्वप्न केवल देखने के लिए ही नहीं होते किंतु उन्हें धरातल पर भी उतारा जा सकता है। आने वाला समय मक्का खेती का है।। क्योंकि इसमें पानी की लागत तथा रसायनिक खाद एवं कीटनाशकों का प्रयोग नामात्र है और आर्थिक लाभ अधिकतम है। किसान को फूड, फीड, फोडर, फ्रयूल, फाइनेंस की चिंता करने की भी आवश्यकता नहीं है। यदि हम खेती में संतुलित पोषक तत्व डालते रहें तो हमें अनावश्यक खर्चों से निजात मिल जाएगी।


किसानों द्वारा 10 वर्षों से हो रहा कीटों पर शोध

फसल में कीट ज्ञान पद्धति अपना कर किसान चार गुना तक कम कर सकते हैं लागत 
थाली को जहरमुक्त बनाने की जींद के किसानाें की अनूठी मुहिम

नरेंद्र कुंडू 
जींद।
किसानों द्वारा अधिक उत्पादन की चाह में फसलाें में अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकाें व कीटनाशकाें का प्रयोग किया जाता है। इससे फसल में लागत अधिक बढ़ती जा रही है और उत्पादन कम होता जा रहा है। इससे किसान कर्ज के दलदल में फंसकर आर्थिक तौर पर कमजोर हो रहे हैं। लेकिन जींद जिले के किसानों द्वारा फसल में लागत को कम कर उत्पादन बढ़ाने के लिए कीट ज्ञान की अनोखी पद्धति इजाद की गई है। यहां के किसान पिछले दस वर्षों से फसलों में मौजूद कीटों पर शोध कर रहे हैं। वर्ष 2008 में कृषि विकास अधिकारी डॉ- सुरेंद्र दलाल के नेतृत्व में निडाना गांव में कीटों पर शोध का कार्य शुरू किया गया था। इस मुहिम के साथ आस-पास के दर्जनभर से ज्यादा गांवों के पुरुष व महिला किसान जुड़े हुए हैं। कीटाचार्य रणबीर मलिक, सुरेश,  रामदेवा, जगमेंद्र, सविता, अंग्रेजो, मनीषा इत्यादि का कहना है कि फसल के लिए भी कीट जरूरी हैं क्योंकि कीटों के बिना खेती संभव नहीं है। पौधे अपनी जरूरत के अनुसार भिन्न-भिन्न प्रकार की गंध छोड़कर कीटों को आकृषित करते हैं। कीट दो प्रकार के होते हैं। एक शाकाहारी तथा दूसरे मांसाहारी। शाकाहारी पौधों, फल, फूलों को खाकर अपना जीवन यापन करते हैं तो मांसाहारी कीट शाकाहारी कीटों को खाकर अपना जीवनचक्र चलाते हैं। यदि किसान शाकाहारी कीटों को नियंत्रित करने के लिए किसी प्रकार के कीटनाशकों का प्रयोग नहीं करे तो मांसाहारी कीट उन्हें स्वयं ही नियंत्रित कर लेते हैं। कीटनाशकाें के प्रयोग से कीटों की संख्या कम होने की बजाए उल्टी बढ़ती है। मांसाहारी कीट फसल में कुदरती कीटनाशी का काम करते हैं। उन्होंने अभी तक 43 किस्म के शाकाहारी तथा 163 किस्म के मांसाहारी कीटों की पहचान कर उनके क्रियाकलापों से फसल पर पड़ने वाले प्रभाव पर काफी गहराई से शोध किया है। उत्पादन बढ़ाने में कीटनाशकों का कोई योगदान नहीं है। उत्पादन बढ़ाने के लिए पौधों को पोषक तत्व की जरूरत पड़ती है। इनकी इस पद्धति पर मोहर लगाने वालीो राष्ट्रीय समेकित नाशीजीव प्रबंधन अनुसंधान केंद्र द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में यह दर्शाया गया है कि इन किसानों द्वारा चलाई जा रही कीट ज्ञान की पद्धति को अपनाकर किसान फसल मे रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों पर होने वाले खर्च को चार गुणा तक कम कर डेढ़ गुणा तक उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। वहीं   रासायनिक उर्वरकों से दूषित होने वाले खान-पान व वातावरण को भी बचाया जा सकता है।


पंजाब में भी दे रहे कीट ज्ञान का प्रशिक्षण
पिछले दो वर्षों से जींद जिले के कीटाचार्य किसान अपने खर्च पर पंजाब के भठिंडा, मानसा व बरनाला जिलों में किसान खेत पाठशालाएं चलाकर किसानों को कीट ज्ञान की शिक्षा दे रहे हैं। कीट ज्ञान के सहारे किसानों द्वारा कपास, धान, गेहूं, गन्ना तथा सब्जियों की फसलों में बिना कीटनाशकाें का प्रयोग कर अच्छा उत्पादन लिया जा रहा है।